एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रेवाड़ी स्थित राधे-राधे वेटरनरी फार्मासिस्ट प्रशिक्षण संस्थान के छात्र-छात्राओं का 7 दिवसीय शैक्षिक भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों ने आगरा, मथुरा, वृंदावन, अमृतसर और चंडीगढ़ सहित कई ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया।
भ्रमण के दौरान छात्रों ने आगरा में ताजमहल सहित मुगलकालीन स्थापत्य के प्रमुख स्मारकों का अवलोकन किया। इसके बाद वृंदावन में प्रेम मंदिर, बांके बिहारी मंदिर और निधिवन के दर्शन कर भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपराओं को करीब से समझा।
अगले चरण में छात्र अमृतसर पहुंचे, जहां स्वर्ण मंदिर में मत्था टेककर आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त किया तथा जलियांवाला बाग में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। वाघा बॉर्डर की रिट्रीट सेरेमनी ने विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना को प्रबल किया।
अंतिम चरण में चंडीगढ़ स्थित रॉक गार्डन का भ्रमण कर छात्रों ने आधुनिक शहरी नियोजन और स्वच्छता व्यवस्था का अध्ययन किया।
संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर अनुभवात्मक शिक्षा प्रदान करना है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास संभव हो सके। कोऑर्डिनेटर डॉ. निशु चौहान ने भी ऐसे भ्रमणों को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया। इस अवसर पर संस्थान के शिक्षक व स्टाफ ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
