एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव 2026 के अंतर्गत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संदेश देने के उद्देश्य से “बैक टू लाइफ” थीम पर शिमला ग्रीष्मोत्सव फिल्म फेस्टिवल 2026 आयोजित किया जाएगा। यह फिल्म महोत्सव 8 जून से 12 जून 2026 तक आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
जिलाधीश एवं अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने बताया कि आज का युवा वर्ग तेजी से नशे, विशेषकर सिंथेटिक ड्रग्स “चिट्टा” जैसी घातक प्रवृत्तियों की गिरफ्त में आ रहा है। इससे परिवार, समाज और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे समय में कला और सिनेमा के माध्यम से जागरूकता फैलाना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए “Back To Life” विषय पर लघु फिल्म प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने का एक सशक्त अभियान है। इसका उद्देश्य युवाओं में आशा, आत्मविश्वास, पुनर्वास और जीवन के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है। प्रतिभागियों को ऐसी प्रेरणादायक लघु फिल्में तैयार करने के लिए आमंत्रित किया गया है, जो नशे से जूझ रहे लोगों के संघर्ष, पुनर्वास और नई जिंदगी की ओर लौटने की कहानी को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करें।
प्रतियोगिता में देशभर के विद्यार्थी, शौकिया फिल्म निर्माता और पेशेवर फिल्मकार भाग ले सकते हैं। फिल्म की अधिकतम अवधि 5 मिनट निर्धारित की गई है तथा फिल्म हिंदी या अंग्रेजी भाषा में होनी चाहिए। प्रतियोगिता के लिए प्रविष्टियां 5 जून 2026 से आमंत्रित की जाएंगी, जबकि फिल्म जमा करवाने की अंतिम तिथि 10 जून 2026 शाम 7 बजे तक निर्धारित की गई है।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र सहित प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा दो सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां dcshimlafilmfest@gmail.com ईमेल के माध्यम से अथवा उपायुक्त कार्यालय शिमला में जमा करवा सकते हैं। ऑनलाइन गूगल फॉर्म के जरिए भी फिल्में भेजी जा सकती हैं।
उन्होंने युवाओं, फिल्म निर्माताओं और रचनात्मक प्रतिभाओं से इस सामाजिक मुहिम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि सिनेमा समाज को दिशा देने का एक प्रभावशाली माध्यम है और यह महोत्सव नशामुक्त एवं जागरूक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
गूगल फॉर्म लिंक : https://forms.gle/B7BMV3pskXVFctEc8
