उपमंडल रामपुर के निरथ, पांडाधार और ननखड़ी सड़क मार्ग पर 14 जून से 24 जून 2026 तक यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। प्रशासन ने सड़क निर्माण कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए यह निर्णय लिया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग अभियंता रामपुर ने उपमंडल प्रशासन को बताया कि शरण डांक से पांडाधार सड़क के बीच किलोमीटर 4/600 से 4/825 तक कार्य चल रहा है। सड़क पर वाहनों और पैदल यात्रियों की लगातार आवाजाही के कारण निर्माण कार्य समय पर पूरा करने में कठिनाई आ रही थी। इसके चलते कार्यकारी अभियंता ने यातायात को अस्थायी रूप से डायवर्ट करने का अनुरोध किया था।
उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जनहित में आदेश जारी किए हैं। आदेशों के अनुसार निर्माण कार्य अवधि के दौरान भारी वाहनों को भद्राश, फौला और मझेवटी मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं निरथ की ओर से आने वाले हल्के वाहनों के लिए कुड़ीधार-बरकेली सड़क को वैकल्पिक मार्ग के रूप में निर्धारित किया गया है।
प्रशासन ने क्षेत्रवासियों और वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह व्यवस्था निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने और भविष्य में सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई है।
