एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) नंद लाल ने काशापाट और मुनीश क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दोनों हादसों को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
नंद लाल ने कहा कि रामपुर उपमंडल के काशापाट क्षेत्र में शुक्रवार को हुए वाहन हादसे में छह लोगों की मृत्यु हुई, जबकि मुनीश गांव में ऑल्टो कार दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने घोषणा की कि वह अपनी ओर से प्रत्येक दिवंगत के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे। साथ ही जिला प्रशासन से आग्रह किया कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता और राहत तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
बता दें कि काशापाट हादसे में जान गंवाने वालों में अभिषेक (23), लायक राम (56), अशोक जैन (32), नीतिन (23), आशा कुमारी और उनका बेटा युगल शामिल थे। जबकि दूसरे हादसे में मुनीश गांव के विक्की की जान गई थी। नंद लाल ने कहा कि दो दिनों के भीतर काशापाट और मुनीश में हुई इन दर्दनाक घटनाओं से पूरा क्षेत्र शोक में डूबा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वह प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं और सरकार व प्रशासन के माध्यम से भी हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
