एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
आर्यवर्त एजुकेशन वेलफेयर एंड चैरिटेबल सोसाइटी, रामपुर द्वारा सदाबहार मैदान, ननखड़ी में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। शिविर में क्षेत्र के युवाओं, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान 45 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तहसीलदार ननखड़ी अनिल शर्मा ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे श्रेष्ठ कार्य है। उन्होंने सभी स्वस्थ लोगों से समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपप्रधान ग्राम पंचायत करांगला कमल शर्मा, उपप्रधान सुशील ठाकुर, बहादुर सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सोसाइटी की ओर से अध्यक्ष प्रदीप दडेल, महासचिव ओम बगैई, कोऑर्डिनेटर मनीष शर्मा, ननखड़ी प्रभारी पथिक मेहता सहित चुनी लाल, अभिषेक मेहता, खेमराज, रक्ष पाल ठाकुर, श्वेता नेगी, तरुण, पंकज ठाकुर, अंशुल ठाकुर, ओम प्रकाश, दिग्विज और अंकुश ने शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रक्त संग्रह की प्रक्रिया खनेरी अस्पताल की डॉ. मानसी एवं उनकी मेडिकल टीम की देखरेख में सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। सोसाइटी ने डॉ. मानसी और पूरी मेडिकल टीम का विशेष आभार व्यक्त किया।
