एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उनके मंत्रिमंडल की ओर से शिमला के ऐतिहासिक राम मंदिर में की गई पूजा-अर्चना को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम और राम मंदिर के प्रति कांग्रेस का वर्षों पुराना नकारात्मक रुख जगजाहिर है, लेकिन अब बदलते राजनीतिक हालातों के चलते पार्टी अपनी छवि बदलने का ढोंग कर रही है।
बोले – कांग्रेस ने हमेशा श्रीराम के अस्तित्व पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने अपने बयान में कहा कि कांग्रेस ने हमेशा भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए हैं, राम मंदिर निर्माण का विरोध किया और न्यायालय में भी राम मंदिर के खिलाफ पक्ष लिया। उन्होंने दावा किया कि आज वही कांग्रेस राम मंदिर जाकर श्रद्धा का प्रदर्शन कर रही है, जो कि उनकी वास्तविक आस्था नहीं बल्कि सरासर राजनीतिक मजबूरी है। जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समय पूरी कांग्रेस का रवैया बिल्कुल अलग था और उन्होंने इस ऐतिहासिक समारोह का बहिष्कार किया था। अब अचानक मंत्रिमंडल के साथ मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करना केवल जनता को गुमराह करने और एक राजनीतिक संदेश देने का प्रयास मात्र है। जनता कांग्रेस के पुराने व वर्तमान रुख के अंतर को भलीभांति समझती है।
👉 यह भी पढ़ें : Shimla : राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का मार्च, सीएम सुक्खू बोले- आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
