एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला के पुराने बस अड्डे से शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न रूटों के लिए 18 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शिमला ग्रामीण क्षेत्र को हिमाचल पथ परिवहन निगम के नए बेड़े में कुल 30 इलेक्ट्रिक बसें मिली हैं। शेष 12 बसों को दूसरे चरण में सुन्नी से विभिन्न रूटों पर चलाया जाएगा।
इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य पूरे हिमाचल का समान विकास सुनिश्चित करना है और इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र का अधिकांश हिस्सा शिमला शहर से सटा हुआ है। क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग सरकारी नौकरी के साथ खेती और बागवानी से जुड़े हैं तथा उन्हें रोजाना शिमला शहर आना-जाना पड़ता है। लोगों की सुविधा को देखते हुए बस रूट बढ़ाने के संबंध में परिवहन विभाग से चर्चा की गई है।
बुजुर्गों के लिए टैक्सी और निजी बसों की सुविधा बढ़ाने पर जोर
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि शिमला के आसपास के क्षेत्रों के लोगों, विशेषकर बुजुर्गों की एचआरटीसी के छोटे वाहनों और टैक्सी सुविधा की मांग को देखते हुए अधिक से अधिक टैक्सियां लगाने पर विचार किया जा रहा है। इस संबंध में निगम अधिकारियों से बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि टैक्सी सुविधा के साथ-साथ निजी बसों को भी रूट दिए जाएंगे, ताकि शहर के आसपास रहने वाले लोगों को सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा मिल सके।
शिमला ग्रामीण में 650 करोड़ के विकास कार्य
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में करीब 650 करोड़ रुपये की राशि विभिन्न विकास कार्यों के लिए स्वीकृत की गई है। इनमें से अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि कुछ का निर्माण कार्य जारी है।
उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान प्रदेश की सड़कों को बहाल रखने और यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए लोक निर्माण विभाग की मशीनरी को सड़कों की बहाली में लगाया गया है। आवश्यकता के अनुसार प्रत्येक डिवीजन में निजी मशीनरी भी किराये पर ली गई है और इसकी प्रतिदिन निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि तारकोल के रेट में बढ़ोतरी के कारण टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद कुछ सड़कों पर मेटलिंग और टायरिंग का कार्य नहीं हो सका। मानसून समाप्त होते ही सभी विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों की मेटलिंग और टायरिंग का कार्य सुनिश्चित किया जाएगा।
केंद्र से सड़क परियोजनाओं के लिए 240 करोड़ स्वीकृत
उन्होंने बताया कि हाल ही में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर प्रदेश की सड़क परियोजनाओं को लेकर चर्चा की गई थी। इसके बाद छैला-यशवंत नगर-नेरीपुल सड़क के अपग्रेडेशन के लिए 203 करोड़ रुपये तथा रामपुर के टिक्कर-खमाड़ी सड़क के शेष हिस्से के अपग्रेडेशन के लिए 36 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इन परियोजनाओं पर जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
इन रूटों पर चलेंगी नई इलेक्ट्रिक बसें
आज रवाना की गई बसों में शिमला से धामी वाया गवाही-कोहबाग सुबह 8:20 बजे, शिमला से बरेठी सुबह 10:30 बजे, शिमला से हरिदेवी-सेरी सुबह 10:20 बजे, शिमला से खटनोल दोपहर 12:30 बजे, शिमला से खटनोल वाया सुन्नी दोपहर 12:40 बजे, खटनोल से शिमला वाया सुन्नी, शिमला से चनावग वाया पनोह दोपहर 1:30 बजे, शिमला से धरोगड़ा दोपहर 2:40 बजे, शिमला से गवाही दोपहर 3:20 बजे, शिमला से डुमेहर दोपहर 3:35 बजे, शिमला से जलोग शाम 4:10 बजे, शिमला से चनावग शाम 4:50 बजे, शिमला से पनेहड़ा शाम 5 बजे, शिमला से चेबड़ी शाम 5:10 बजे, शिमला से अणु शाम 5:15 बजे, शिमला से नलावन शाम 5:20 बजे, शिमला से चेवग शाम 5:45 बजे और शिमला से मलावन शाम 7 बजे बस सेवा शामिल है।
