एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
ब्राह्मण सभा रामपुर की मासिक बैठक अध्यक्ष राम रतन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, विस्तार की रणनीति और समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को सभा से जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में तय किया गया कि सभा की ओर से जल्द ही रामपुर और ननखड़ी क्षेत्र के विभिन्न ब्राह्मण बहुल गांवों का दौरा किया जाएगा। इस दौरान पदाधिकारी स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को जानेंगे। साथ ही, समाज के लोगों को संगठन की गतिविधियों से जोड़ने तथा सामाजिक कार्यों को व्यापक स्तर पर संचालित करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। सभा के विस्तार के लिए गांव और क्षेत्र स्तर पर नई कमेटियां गठित करने का फैसला लिया गया। पदाधिकारियों के अनुसार इन कमेटियों के गठन से संगठन की पहुंच गांवों तक बढ़ेगी और समाजहित से जुड़े कार्यों को बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ाया जा सकेगा।
अध्यक्ष राम रतन शर्मा ने कहा कि राज्य कार्यकारिणी के निर्देशों के तहत इस वर्ष ब्राह्मण सभा की जिला कार्यकारिणी का चुनाव रामपुर में आयोजित किया जाएगा। चुनाव की प्रक्रिया को लेकर जल्द ही आवश्यक तैयारियां शुरू की जाएंगी और संगठन के सदस्यों से चर्चा कर आगामी कार्यक्रम तय किए जाएंगे।
बैठक में उपप्रधान प्रेम शर्मा, महासचिव सत्य देव शर्मा, पूज्य देव शर्मा, वरिष्ठ उपप्रधान योगराज शर्मा, दरेव राज शर्मा, लायक राम शर्मा, तिलक राज शर्मा, निरंजन शर्मा और पद्म भारद्वाज समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने, आपसी एकजुटता बनाए रखने और समाज के हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
