एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला | हिमाचल प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को नौकरशाही में एक बड़ा उलटफेर करते हुए सिविल सेवा बोर्ड की सिफारिशों पर 17 आईएएस (IAS) और 22 एचएएस (HAS) अधिकारियों के तबादला व तैनाती आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सरकार ने कई शीर्ष अधिकारियों के विभागों में बदलाव करने के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण पदों के अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे हैं।
ओंकार चंद और आरडी नजीम को मिली बड़ी जिम्मेदारी
ओंकार चंद शर्मा: अतिरिक्त मुख्य सचिव (जनजातीय विकास) अब अपने वर्तमान कार्यभार के साथ अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) का जिम्मा भी संभालेंगे।
आरडी नजीम: अतिरिक्त मुख्य सचिव (खाद्य, नागरिक आपूर्ति) को अब अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह एवं सतर्कता) तथा ऊर्जा विभाग (MPP & Power) जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
देवेश कुमार: प्रधान सचिव (शहरी विकास) को अब प्रधान सचिव (वित्त, योजना, अर्थशास्त्र और सांख्यिकी) नियुक्त किया गया है। वे लोक निर्माण और पशुपालन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
एम सुधा देवी: प्रधान सचिव (स्वास्थ्य और परिवार कल्याण) को अब प्रधान सचिव (वन और उद्योग) लगाया गया है, साथ ही वह कार्मिक विभाग का अतिरिक्त कार्यभार संभालती रहेंगी।
आशीष सिंहमार: मुख्यमंत्री के सचिव अब स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी देखेंगे।
पर्यटन, आबकारी और तकनीकी शिक्षा में नए निदेशक
प्रशासनिक फेरबदल के तहत डॉ. यूनुस को सचिव (राज्य कर एवं आबकारी), संदीप कुमार को सचिव (पर्यटन और नागरिक उड्डयन), और राकेश कुमार प्रजापति को निदेशक (पर्यटन और नागरिक उड्डयन) नियुक्त किया गया है। इसके अलावा गुरसिमर सिंह को निदेशक (तकनीकी शिक्षा, सुंदरनगर) और ओम कांत ठाकुर को निदेशक (मत्स्य पालन) लगाया गया है।
शिमला नगर निगम और जिलों में HAS अधिकारियों के तबादले
एचएएस कैडर में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव सचिन कंवल को शिमला नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि पूर्व आयुक्त भूपेंद्र कुमार को प्रबंध निदेशक (सामान्य उद्योग निगम) लगाया गया है। ज्ञान सागर नेगी को एडीएम (प्रोटोकॉल) शिमला, एकता कप्टा को एडीएम (विकास) सिरमौर और ज्योति राणा को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) शिमला का रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है। सोलन, बिलासपुर, करसोग, कुपवी और उदयपुर सहित कई उपमंडलों में नए एसडीएम (SDO Civil) तैनात किए गए हैं।
