एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
नगर परिषद रामपुर के वार्ड नंबर 3 और 4 के युवाओं ने शनिवार को नगर परिषद अध्यक्ष करण शर्मा को ज्ञापन सौंपकर दोनों वार्डों की विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
राहुल घागटा, रोहित, हन्नी, राजेंद्र कौल, संग्राम सिंह और अविनाश सहित अन्य युवाओं ने बताया कि वार्ड नंबर 3 में स्थित एक पुराना भवन जर्जर हालत में है। भवन से आए दिन पत्थर और मलबा गिरता रहता है, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। उन्होंने जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भवन का निरीक्षण करवाकर इसे शीघ्र हटाने अथवा आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
युवाओं ने बताया कि वार्ड नंबर 3 और 4 के चौक पर आम जनता की सुविधा के लिए कूलर लगाया गया है, लेकिन बिजली की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कूलर के लिए आवश्यक विद्युत कनेक्शन और अन्य व्यवस्थाएं जल्द करने की मांग की।
इसके अलावा, वार्ड नंबर 4 के रास्ते में लगे लाल पत्थर अत्यधिक फिसलन भरे हो चुके हैं। इसके कारण राहगीरों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है। युवाओं ने रास्ते को सुरक्षित बनाने के लिए जल्द आवश्यक सुधार कार्य करने की मांग उठाई।
ज्ञापन में वार्ड नंबर 3 और 4 के चौक पर बिजली के तारों के जंजाल का मुद्दा भी उठाया गया। युवाओं के अनुसार बारिश के दिनों में इन तारों से स्पार्किंग और करंट का खतरा बना रहता है, जिससे कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने संबंधित विभाग के माध्यम से तारों का उचित प्रबंधन कर सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
