एआरबी टाइम्स ब्यूरो | चंबा
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहड़ के समीप सोमवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। यह परिवार अपनी तीन माह की बच्ची का पीजीआई चंडीगढ़ से उपचार करवाकर घर लौट रहा था, तभी उनकी ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। रात का अंधेरा और दुर्गम इलाका होने के कारण राहत अभियान में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। भारी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया।

खराब मौसम और धुंध बनी हादसे की वजह!
एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि जान गंवाने वाले सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय इलाके में मूसलाधार बारिश हो रही थी और घनी धुंध छाई हुई थी। माना जा रहा है कि दृश्यता (Visibility) कम होने और सड़क पर फिसलन के कारण चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। हालांकि, दुर्घटना के सही कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
हादसे में जान गंवाने वाले सभी 5 लोग एक ही परिवार के सदस्य थे, जो चंबा जिले के गेहरा क्षेत्र के निवासी थे। मृतकों में बचन सिंह (पुत्र नारायण सिंह), जो पेशे से चालक थे, और उनके पुत्र रिपन कुमार शामिल हैं। रिपन कुमार हिमाचल प्रदेश पुलिस की 2nd IRBN (सकोह) में बतौर जवान कार्यरत थे। हादसे में रिपन कुमार की पत्नी रिम्पी और उनकी 3 माह की मासूम बच्ची की भी दर्दनाक मौत हो गई। इसके अलावा कीर्ति (पुत्री केसर सिंह) ने भी इस दुर्घटना में अपनी जान गंवा दी।
प्रशासन की अपील: मानसून में रखें विशेष ध्यान
इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि मानसून के दौरान पहाड़ी और संकरे मार्गों पर यात्रा करते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें।
