एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम ने सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए रामपुर यूनिट के सभी निगम होटलों में रक्तदान शिविर एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए। इसी क्रम में सोमवार को रोहड़ू-रामपुर परिसर की आठ इकाइयों के मुख्यालय रामपुर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसमें निगम के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित हिमाचल के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से पौधारोपण अभियान भी चलाया गया। कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। रोहड़ू-रामपुर परिसर के सहायक महाप्रबंधक दलीप सिंह ठाकुर ने बताया कि पर्यटन विकास निगम सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करता है। उन्होंने रक्तदान करने वाले कर्मचारियों तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि पर्यटन निगम के होटलों में प्रत्येक वर्ष रक्तदान और पौधारोपण जैसे जनहित के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिन्हें पर्यटकों से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती है। इन अभियानों के माध्यम से होटल परिसरों में हरियाली बढ़ रही है और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि निगम केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहता, बल्कि लगाए गए पौधों की वर्षभर देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित करता है। इस वर्ष लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख की जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारियों को सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी पर्यटन विकास निगम सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा।
