एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
पशु कल्याण और पशु क्रूरता के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को रामपुर में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। ह्यूमन पीपल एनजीओ के संस्थापक डॉ. अनिल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में जी.बी. पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय, रामपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
रैली का शुभारंभ बॉयज स्कूल परिसर से हुआ। इसके बाद स्वयंसेवक मुख्य बाजार से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने पशुओं के प्रति दया, करुणा और संरक्षण का संदेश देते हुए आमजन से पशु क्रूरता रोकने तथा घायल एवं बेसहारा पशुओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की अपील की। रैली के समापन पर स्वयंसेवकों और ह्यूमन पीपल एनजीओ के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम हर्ष अमरिंदर सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में रामपुर में एनिमल वेलफेयर कमेटी के गठन की मांग उठाई गई, ताकि पशुओं के संरक्षण, उपचार और उनके अधिकारों के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रंजू नेगी ने स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, सेवा भावना और मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में पशुओं के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोटिया ने कहा कि पशुओं के प्रति करुणा और संवेदनशीलता का संदेश समाज तक पहुंचाना आज की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी जनहित और सामाजिक सरोकार से जुड़े ऐसे जागरूकता अभियानों में सक्रिय सहयोग देता रहेगा।
