एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को बंजार विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत वाली सड़क एवं पुल परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY)-4 के तहत बंजार क्षेत्र में 150 करोड़ रुपये की लागत से 20 नई सड़कों का निर्माण एवं विस्तार किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की सड़क संपर्क व्यवस्था और पर्यटन को नई गति मिलेगी।
मंत्री ने नाबार्ड के तहत 1.12 करोड़ रुपये की लागत से सुचेहण-शांगड़ सड़क के सुधारीकरण तथा 1.96 करोड़ रुपये की लागत से तरहेड़ा वैली ब्रिज निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं।
तरहेड़ा पुल से तीन पंचायतों को लाभ
तरहेड़ा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि लंबे समय से लंबित इस पुल के बनने से तीन पंचायतों के हजारों लोगों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
शांगड़ पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शांगड़ विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। सड़क के सुधारीकरण और विस्तार से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों के रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने लारजी-सैंज तथा सैंज-न्यूली-शांगड़ मार्ग को मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड (एमडीआर) घोषित करने की घोषणा भी की। इससे इन मार्गों के व्यापक विकास और ऑल वेदर कनेक्टिविटी का रास्ता खुलेगा।
53 करोड़ से होंगे सड़क सुधार कार्य
मंत्री ने बताया कि सैंज और बंजार घाटी की विभिन्न सड़कों पर टारिंग, पैचवर्क, रिटेनिंग वॉल और कल्वर्ट निर्माण जैसे कार्यों के लिए 53 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध कराई जाएगी ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों।
एनएच-305 को डबल लेन बनाने की डीपीआर केंद्र को भेजी
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर जलोड़ी से बंजार और बंजार से लारजी तक सड़क को डबल लेन बनाने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) केंद्र सरकार को भेजी जा चुकी है। इस मार्ग पर टारिंग का कार्य भी कराया गया है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
पार्किंग परियोजना अंतिम चरण में
मंत्री ने बताया कि बंजार में शहरी विकास विभाग के माध्यम से लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इसे शीघ्र ही जनता को समर्पित किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दुर्गम क्षेत्रों के संतुलित विकास और ऑल वेदर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों से विकास कार्यों में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सहयोग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री खिमी राम शर्मा, एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह मियां, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेस राम आजाद, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोहर सिंह ठाकुर, जनप्रतिनिधि, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
