एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
ननखड़ी क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित टिक्कर-जरोल-खमाड़ी सड़क के उन्नयन के लिए केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत ₹35.93 करोड़ की अतिरिक्त वित्तीय स्वीकृति मिली है। इस स्वीकृति के बाद सड़क परियोजना के निर्माण कार्य को और गति मिलने की उम्मीद है। भाजपा नेता एवं पूर्व हिमकोफेड चेयरमैन कौल सिंह नेगी ने इस मंजूरी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है।
कौल सिंह ने कहा कि इससे पहले इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार ₹54 करोड़ की राशि जारी कर चुकी है, जिसके तहत निर्माण कार्य चल रहा है। अब मिली ₹35.93 करोड़ की दूसरी स्वीकृति से करीब 16 किलोमीटर सड़क का उन्नयन किया जाएगा। उनका कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद ननखड़ी क्षेत्र की 17 पंचायतों के हजारों लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के बागवानों के लिए विशेष रूप से लाभदायक साबित होगी। बेहतर सड़क संपर्क से सेब और अन्य बागवानी उत्पादों को समय पर मंडियों तक पहुंचाना आसान होगा, जिससे परिवहन लागत कम होगी और किसानों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए लगातार वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रही है। उनके अनुसार, रामपुर विधानसभा क्षेत्र में भी कई सड़क परियोजनाएं केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत क्रियान्वित हो रही हैं।
इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विकास कार्यों को लेकर उसकी कोई स्पष्ट योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों के कारण हिमाचल में आधारभूत ढांचे को लगातार मजबूती मिल रही है।
