एआरबी टाइम्स ब्यूरो, दिल्ली
हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश की विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग और सड़क अवसंरचना परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग-305 के तहत बंजार-औट सड़क के सुधार एवं टारिंग कार्य के लिए 25.11 करोड़ रुपये की राशि जारी करने को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की। यह सड़क सैंज-लुहरी-बंजार-औट मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। लोक निर्माण मंत्री ने बहुप्रतीक्षित जलोड़ी सुरंग परियोजना के लिए 1,775 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया। इस पर केंद्रीय मंत्री ने मंत्रालय के अधिकारियों को स्वीकृति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, विक्रमादित्य सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग-303 पर नगरोटा बगवां-रानीताल सड़क के निर्माण एवं उन्नयन के लिए 395 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने सैद्धांतिक सहमति जताई।
बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत 239.45 करोड़ रुपये की लागत वाली दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति पर भी चर्चा हुई। इनमें टिक्कर-जरोल-गाहन-ननखड़ी-खमाड़ी सड़क तथा छैला-नेरीपुल-यशवंतनगर-कुमारहट्टी सड़क के उन्नयन कार्य शामिल हैं। मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से विशेष रूप से प्रदेश के सेब उत्पादक क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी।
विक्रमादित्य सिंह ने सेतु बंधन योजना के तहत पुलों के निर्माण के लिए 3.46 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया। साथ ही उन्होंने हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए CRIF और सेतु बंधन योजनाओं के अंतर्गत अधिक सड़क परियोजनाओं को मंजूरी देने तथा CRIF के तहत वार्षिक आवंटन बढ़ाकर 200 करोड़ रुपये करने की मांग भी रखी।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हिमाचल प्रदेश में सड़क अवसंरचना के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
