एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
नगर परिषद रामपुर के अंतर्गत संचालित दो क्रेच केंद्रों में क्रेच हेल्पर के रिक्त पदों को भरने के लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे गए हैं। बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) रामपुर शशि ठाकुर ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश के दिशा-निर्देशों के तहत चुहाबाग और खनेरी क्रेच केंद्रों में यह भर्ती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पूर्व में संबंधित पोषक क्षेत्र से पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध न होने के कारण पद रिक्त रह गए थे। अब पूरे नगर परिषद रामपुर क्षेत्र की पात्र स्थानीय महिलाओं से सादे कागज पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। नियुक्ति मिशन शक्ति की गाइडलाइन के अनुसार को-टर्मिनस आधार पर की जाएगी। सीडीपीओ ने बताया कि चयनित क्रेच हेल्पर को 3,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। इसके अलावा सरकार द्वारा समय-समय पर निर्धारित दरों के अनुसार अन्य भत्ते भी देय होंगे।
पात्रता
- केवल महिला अभ्यर्थी आवेदन कर सकती हैं।
- आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
- अभ्यर्थी नगर परिषद रामपुर की निवासी तथा हिमाचल प्रदेश की स्थायी निवासी हो।
- परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
- न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है।
22 अगस्त तक जमा होंगे आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र के साथ शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, हिमाचल प्रदेश स्थायी निवासी प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां संलग्न कर 22 अगस्त 2026 सायं 5 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी, रामपुर कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
27 अगस्त को होगा साक्षात्कार
साक्षात्कार 27 अगस्त 2026 को प्रातः 11 बजे उपमंडलाधिकारी (नागरिक) कार्यालय, रामपुर में आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय सभी मूल प्रमाण पत्र साथ लाने होंगे।
शशि ठाकुर ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया निर्धारित अंक प्रणाली के आधार पर पूरी की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, रामपुर अथवा संबंधित पर्यवेक्षक एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका से संपर्क कर सकते हैं।
