एआरबी टाइम्स ब्यूरो | कुल्लू
जल शक्ति विभाग के जल शक्ति मंडल आनी में पैरा पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर और मल्टीपर्पज वर्कर के कुल 10 पदों पर भर्ती की जाएगी। पात्र एवं इच्छुक उम्मीदवार इन पदों के लिए 1 सितंबर से 21 सितंबर 2026 तक निर्धारित प्रपत्र में आवेदन कर सकते हैं। विभाग की ओर से जारी भर्ती सूचना के अनुसार पैरा पंप ऑपरेटर के चार, पैरा फिटर के दो और मल्टीपर्पज वर्कर के चार पद भरे जाएंगे। ये सभी पद अंशकालिक आधार पर प्रतिदिन छह घंटे कार्य के लिए होंगे।
पैरा पंप ऑपरेटर के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना और इलेक्ट्रिशियन, वायरमैन, डीजल मैकेनिक, पंप मैकेनिक, मोटर मैकेनिक या पंप ऑपरेटर-कम-मैकेनिक ट्रेड में मान्यता प्राप्त आईटीआई प्रमाणपत्र होना जरूरी है। सरकार की कौशल विकास योजना के तहत संबंधित ट्रेड में प्रमाणपत्र प्राप्त 10वीं पास उम्मीदवार भी पात्र होंगे। इस पद के लिए 7,100 रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित है। चार पदों में दो अनारक्षित, एक अनुसूचित जाति और एक आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित है।
पैरा फिटर के दो पदों के लिए 10वीं पास होने के साथ मान्यता प्राप्त आईटीआई या संस्थान से फिटर अथवा प्लंबर ट्रेड में प्रमाणपत्र आवश्यक है। कौशल विकास योजना के तहत संबंधित ट्रेड में प्रमाणपत्र रखने वाले 10वीं पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। इस पद के लिए भी 7,100 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। एक पद अनारक्षित और एक अनुसूचित जाति वर्ग के लिए है।
मल्टीपर्पज वर्कर के चार पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास रखी गई है। उम्मीदवार के पास राज्य या केंद्र सरकार से मान्यता प्राप्त विद्यालय की योग्यता होनी चाहिए। इस पद के लिए 6,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित है। चार पदों में दो अनारक्षित, एक अनुसूचित जाति और एक अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है।
तीनों श्रेणियों के पदों के लिए आयु सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है। विभागीय आवश्यकता के अनुसार पदों की संख्या में वृद्धि या कमी की जा सकती है। मल्टीपर्पज वर्कर पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को मिडिल कक्षा की विस्तृत अंकतालिका आवेदन के साथ लगानी होगी। यदि संबंधित शिक्षा बोर्ड ने अंकतालिका जारी नहीं की है तो विद्यालय के प्रधानाचार्य से प्राप्त विस्तृत अंक प्रमाणपत्र संलग्न करना होगा। जरूरत पड़ने पर चयन और शॉर्टलिस्टिंग मिडिल स्तर पर प्राप्त अंकों के आधार पर की जाएगी।
इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित प्रपत्र में आवेदन कार्यकारी अभियंता, जल शक्ति मंडल आनी, जिला कुल्लू के कार्यालय में 21 सितंबर 2026 को शाम पांच बजे तक जमा कर सकते हैं। आवेदन वाले लिफाफे पर संबंधित पद का नाम स्पष्ट रूप से लिखना होगा। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त अथवा अधूरे आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदन पत्र में मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से दर्ज करना अनिवार्य है। कौशल एवं शारीरिक परीक्षा में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का टीए/डीए देय नहीं होगा।

1 Comment
Pingback: Shimla : मशीन ऑपरेटर के 100 पदों पर भर्ती, रामपुर में 8 सितंबर को होगा कैंपस इंटरव्यू