एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर | श्री नैना देवी जी मंदिर परिसर को दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए पूरी तरह सुगम एवं बाधारहित बनाने की दिशा में काम चल रहा है। मंदिर परिसर में रैंप और लिफ्ट की सुविधा विकसित की जा रही है। मंदिर न्यास ने 31 मार्च तक मंदिर परिसर में पूर्णतः सुलभ एवं बाधारहित व्यवस्था उपलब्ध करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
आयुक्त मंदिर एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को बचत भवन बिलासपुर में श्री नैना देवी जी मंदिर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन सुविधा उपलब्ध करवाने सहित मंदिर परिसर में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने बताया कि गुफा पार्किंग से मुख्य मंदिर तक एंड-टू-एंड सुगम दर्शन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए रैंप और लिफ्ट की व्यवस्था विकसित की जा रही है। गुफा पार्किंग से कृपाली कुंड तक रैंप का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसे श्रद्धालुओं के उपयोग के लिए उपलब्ध करवा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि कृपाली कुंड से लंगर भवन तक फ्लाईओवर निर्माण के लिए करीब 1.20 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने के बाद लिफ्ट और रैंप के माध्यम से मुख्य मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुगम पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी।मंदिर न्यास के अन्य भवनों और परिसरों में भी चरणबद्ध तरीके से आवश्यक सुगम्यता सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी श्रद्धालु को माता श्री नैना देवी जी के दर्शन के दौरान शारीरिक असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में अधिकारियों को सभी विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने बताया कि 28 अप्रैल 2025 से 27 अगस्त 2026 तक करीब तीन करोड़ रुपये की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इनमें से अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष कार्य प्रगति पर हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कोलांवाला टोबा से पड़ो का परौंण तक पैदल मार्ग पर हाईमास्ट लाइटें स्थापित की गई हैं। गुफा से मंदिर तक कैनोपी की विशेष मरम्मत और उसके स्तंभों के पुनर्संरेखण का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा गुफा पार्किंग से मंदिर तक पैदल रास्ते के निर्माण और श्रद्धालुओं के लिए स्मार्ट सोलर सॉल्यूशन की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है।
