एआरबी टाइम्स ब्यूरो, सोलन | स्टेट विजिलेंस ब्यूरो ने सोलन जिले के बरोटीवाला पटवार सर्कल में तैनात महिला पटवारी ललिता को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पटवारी ने शिकायतकर्ता से लैंड वैल्यू प्रमाणपत्र बनाने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो को शिकायत दी थी। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले की जांच की और आरोपी महिला पटवारी को रिश्वत लेते हुए पकड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
योजना के तहत शिकायतकर्ता को एक लाख रुपये लेकर पटवारी के पास भेजा गया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने पटवारी को रिश्वत की रकम दी, पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने आरोपी के कब्जे से एक लाख रुपये बरामद कर लिए।विजिलेंस ब्यूरो ने महिला पटवारी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। विजिलेंस ब्यूरो के आईजी बिमल गुप्ता ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी महिला पटवारी से एक लाख रुपये बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच आगे जारी है।
वहीं, तहसीलदार सतेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी महिला पटवारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। विभाग की ओर से मामले से संबंधित तथ्यों और विजिलेंस की कार्रवाई के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
