एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी | पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह, जिला मंडी में सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठी और नौवीं की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए पार्श्व प्रवेश चयन परीक्षा-2027 आयोजित की जाएगी। परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
प्राचार्य मनोज भटनागर ने बताया कि कक्षा छठी में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी सत्र 2026-27 में मंडी जिले के किसी सरकारी या मान्यता प्राप्त गैर-सरकारी विद्यालय में कक्षा पांचवीं में अध्ययनरत होना चाहिए। अभ्यर्थी का जन्म 1 जून 2010 से 31 जुलाई 2012 के बीच होना अनिवार्य है। कक्षा नौवीं में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी सत्र 2026-27 में मंडी जिले के किसी सरकारी या मान्यता प्राप्त गैर-सरकारी विद्यालय में कक्षा आठवीं में अध्ययनरत और मंडी जिले का स्थायी निवासी होना चाहिए। अभ्यर्थी का जन्म 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच होना चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह के दूरभाष नंबर 01905-282046 या 9805319303 पर कार्यदिवसों में सुबह 9 से शाम 4 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
👉 यह भी पढ़ें : Kullu News : नवोदय विद्यालय बंदरोल में कक्षा 9वीं और 11वीं में प्रवेश के लिए 30 सितंबर तक करें आवेदन
