एआरबी टाइम्स ब्यूरो, सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर के व्यस्त चौक बाजार में शुक्रवार देर शाम दो गुटों के बीच हुई खूनी झड़प में 24 वर्षीय युवक की जान चली गई। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार शाम करीब 8 बजे हुई। किसी पुरानी बात को लेकर युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान मंथन नाम के युवक ने कथित तौर पर अमन (24) पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। झड़प के दौरान मंथन की भी एक उंगली कट गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे अंकुश को भी गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने घायल तीनों युवकों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। मृतक हरियाणा के कालका का रहने वाला बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल मंथन और अंकुश को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। दोनों का पहले क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार कराया गया और इसके बाद उन्हें सदर थाना ले जाया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवकों के बीच पहले भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। शुक्रवार को दोबारा आमना-सामना होने के बाद पुरानी रंजिश को लेकर विवाद बढ़ गया और मामला खूनी झड़प तक पहुंच गया। हालांकि, झगड़े की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
