एआरबी टाइम्स ब्यूरो, धर्मशाला | हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। दरिणी पंचायत के झुनेना गांव के तीनों युवक बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान भलेड़ पावर हाउस के पास बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीनों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान अशोक कुमार, प्रिंस और पवन कुमार के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों युवक शुक्रवार रात क्षेत्र में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम और यात्रा में शामिल होने के बाद घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के कारणों की पुलिस जांच कर रही है। एक ही गांव के तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत से झुनेना गांव और आसपास के क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। हादसे ने परिवारों को गहरा सदमा दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर बाइक के सड़क से अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों के स्पष्ट होने की उम्मीद है।
