एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
शिक्षक दिवस के अवसर पर सर्वपल्ली राधाकृष्णन बी.एड./एम.एड. एवं डिग्री कॉलेज, बालना (नोगली) की ओर से महात्मा गांधी मेडिकल अस्पताल, खनेरी में लंगर सेवा का आयोजन किया गया। इस दौरान अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों, तीमारदारों और जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरित किया गया।
लंगर सेवा में संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार शर्मा, प्राचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज सहित शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संस्थान के सदस्यों ने स्वयं भोजन परोसकर सेवा भाव का परिचय दिया। इस दौरान करीब 280 से 300 मरीजों एवं तीमारदारों को भोजन उपलब्ध करवाया गया।
अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उनमें मानवीय मूल्यों, संवेदनशीलता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। प्राचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने कहा कि संस्थान शिक्षा के साथ सामाजिक एवं मानवीय मूल्यों को भी प्राथमिकता देता है। लंगर सेवा का उद्देश्य मरीजों और उनके तीमारदारों को भोजन के साथ अपनत्व और सहयोग का एहसास करवाना भी है।
इस अवसर पर डॉ. कंचन नेगी, डॉ. आशा भारद्वाज, मदन मोहन, अजय नेगी, यशवंत ठाकुर, मोनिका रैना, राम कृष्ण, मीनाक्षी, हेमलता, लाइब्रेरियन बीनाक्षी और ड्राइवर चैन लाल सहित संस्थान के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
