एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में ऑनलाइन कारोबार के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। लडभड़ोल के एक व्यक्ति को फेसबुक के जरिए ऑनलाइन स्टोर शुरू करने और कम समय में अच्छा मुनाफा कमाने का झांसा दिया गया। इसके बाद साइबर ठगों ने अलग-अलग चरणों में उससे 9.63 लाख ट्रांसफर करवा लिए। पीड़ित कुलदीप सिंह ने साइबर पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार फेसबुक पर उनसे ‘ई-सेलर शॉप ऑनलाइन स्टोर’ के नाम से संपर्क किया गया था। बातचीत के दौरान सितारा रानी और मीरा रानी नाम की महिलाओं ने उन्हें ऑनलाइन बिजनेस में निवेश करने के लिए कहा।
👉 यह भी पढ़ें : Solan News: नालागढ़ में बुजुर्ग दंपती को 2 दिन रखा डिजिटल अरेस्ट, 72.10 लाख रुपये ठगे
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने कुलदीप सिंह को बताया कि ई-कॉमर्स से जुड़े कारोबार में निवेश करके कम समय में अच्छा रिटर्न कमाया जा सकता है। बातचीत के दौरान आरोपियों ने पहले उनका भरोसा जीतने की कोशिश की। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में रकम जमा करने के लिए बैंक खातों की जानकारी दी गई। ऑनलाइन कारोबार में कमाई होने की उम्मीद में कुलदीप सिंह ने आरोपियों के बताए खातों में पैसे भेजना शुरू कर दिया। कुछ समय में अलग-अलग लेनदेन के जरिए उनके खाते से कुल 9,63,950 रुपये ट्रांसफर हो गए। शुरुआत में पीड़ित को ऑनलाइन कारोबार से जुड़ी गतिविधियां सामान्य लगीं। कथित तौर पर आरोपियों की ओर से खाते में मुनाफे की रकम दिखाई गई। बाद में कुलदीप सिंह ने इसमें से 1,000 डॉलर निकालने का प्रयास किया। यहीं से उन्हें संदेह होने लगा।
आरोपियों ने रकम निकालने के बजाय नई शर्त रख दी और निकासी प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर अतिरिक्त शुल्क जमा करने को कहा। बार-बार अतिरिक्त रकम की मांग होने पर कुलदीप सिंह को शक हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी की जा रही है। इसके बाद उन्होंने साइबर पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज करवाई।
साइबर टीम खंगाल रही डिजिटल साक्ष्य
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और साइबर टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है। बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन से जुड़े रिकॉर्ड भी जांच का हिस्सा हैं।
