एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के तत्वावधान में 12 सितंबर, 2026 को जिला न्यायालय कुल्लू सहित मनाली और बंजार न्यायालय परिसरों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का आपसी सहमति और समझौते के आधार पर त्वरित निपटारा किया जाएगा।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुल्लू ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में दुर्घटना क्लेम, श्रम विवाद, बिजली एवं पानी के बिल, जमीनी विवाद, बैंक संबंधी विवाद, वैवाहिक विवाद तथा कम राशि के चेक से संबंधित मामलों का निपटारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान मोटर व्हीकल लोक अदालत का भी आयोजन होगा। इसमें मोटर वाहन चालानों से संबंधित मामलों का निपटारा किया जाएगा। न्यायालयों में लंबित उपरोक्त श्रेणी के मामलों से जुड़े पक्षकार अपने मामलों को लोक अदालत में सुनवाई के लिए लगवा सकते हैं।
सचिव ने कहा कि लोक अदालत में मामलों का निपटारा दोनों पक्षों की आपसी सहमति से किया जाता है। इसमें किसी पक्ष की हार या जीत नहीं होती, बल्कि आपसी समझौते के आधार पर विवाद का समाधान किया जाता है। इससे पक्षकारों को समय और धन की बचत के साथ विवाद का सरल एवं त्वरित समाधान प्राप्त होता है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आपसी सहमति से अपने लंबित मामलों का समाधान करवाएं। राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुल्लू के दूरभाष नंबर 01902-222378 पर संपर्क किया जा सकता है।