एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को कटागला, छलाल और रशोल गांवों को जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। नाबार्ड की ग्रामीण अवसंरचना विकास निधि (आरआईडीएफ) योजना के तहत स्वीकृत इस सड़क परियोजना पर 13 करोड़ 17.80 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
विधायक ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि से चार माह पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विभाग को गुणवत्तापूर्ण निर्माण के साथ महज 12 माह में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। भूमि पूजन के अवसर पर ग्रामीणों ने विधायक का पुष्प-गुच्छों और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ जोरदार स्वागत किया। सड़क सुविधा का वर्षों से इंतजार कर रहे कटागला, छलाल और रशोल के ग्रामीणों में इस दौरान खासा उत्साह देखने को मिला।
सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि सड़क बनने के बाद तीनों गांव सीधे सड़क सुविधा से जुड़ जाएंगे। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण अभी तक ग्रामीणों को लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ती थी। सड़क सुविधा मिलने से लोगों का आवागमन आसान होगा और किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचने और बच्चों की शिक्षा के लिए आवागमन में भी राहत मिलेगी।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सड़क का कार्य पार्वती नदी के दोनों छोरों से एक साथ शुरू करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि शागणा-बलरगा-शिल्ला सड़क को भी प्राथमिकता में शामिल किया गया है। इसके साथ ही दुर्गम गांव ग्राहण और नक्शान को सड़क सुविधा से जोड़ने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।
जिया चौक-मणिकर्ण सड़क सुधार के लिए 38 करोड़ स्वीकृत
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के आशीर्वाद और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के मार्गदर्शन में जिया चौक से मणिकर्ण तक सड़क सुधार कार्य के लिए केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय से 38 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को मार्ग के जर्जर हिस्सों का एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि सुधार कार्य जल्द शुरू किया जा सके।
उन्होंने बताया कि जय नाला से शुरू होकर कटागला, छलाल होते हुए रशोल तक जाने वाली सड़क की कुल लंबाई 8.250 किलोमीटर होगी। परियोजना के तहत फॉर्मेशन कटिंग, रिटेनिंग वॉल, ब्रेस्ट वॉल, बिना लाइनिंग की नालियां, पैरापेट, क्रॉस ड्रेनेज वर्क्स, मक प्रबंधन, सेटिंग आउट, किलोमीटर एवं मीटर पत्थर, सूचना पट्ट तथा एक पुल का निर्माण किया जाएगा।
महिला मंडलों को 50-50 हजार की सहायता
इस अवसर पर विधायक ने क्षेत्र के सभी उपस्थित महिला मंडलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। छलाल महिला मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने भी विधायक से भेंट की।
भूमि पूजन कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेस राम आजाद, इंदिरा ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल ठाकुर, जिला परिषद सदस्य प्रवीण ठाकुर, बीडीसी सदस्य श्याम राखा व मनोज ठाकुर, ईशान ठाकुर, छलाल पंचायत प्रधान अमरा देवी, उपप्रधान चुनी लाल, हिमाचल प्रदेश कृषि विकास बैंक के निदेशक किशन ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष पूर्ण ठाकुर सहित पंचायत प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
