एआरबी टाइम्स ब्यूरो, धर्मशाला | कांगड़ा पुलिस ने धर्मशाला के अपर धर्मकोट के एक होटल में चल रही रेव पार्टी पर कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान चिट्टा, अफीम, चरस और गांजा बरामद करने का दावा किया है। मामले में हॉस्टल के लीज होल्डर समेत दो लोगों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 13 और 14 सितंबर की मध्यरात्रि को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। मैक्लोडगंज थाना पुलिस की टीम ने 14 सितंबर तड़के होटल परिसर में दबिश दी और तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान 0.95 ग्राम चिट्टा, 3.7 ग्राम अफीम, 1.33 ग्राम चरस और 1.54 ग्राम गांजा/कैनबिस के फूल बरामद हुए। कार्रवाई के दौरान होटल में मौजूद 15 लोगों का मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया। पुलिस ने मामले में आमिर खान निवासी रायसेन/भोपाल, मध्य प्रदेश और राधेश रंजन पजोरिया निवासी चित्तौड़गढ़, राजस्थान को आरोपी बनाया है। पुलिस के अनुसार राधेश रंजन पजोरिया होटल का लीज होल्डर है।
सोशल मीडिया और ऑनलाइन ग्रुप से प्रचार का आरोप
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि होटल परिसर में 13 और 14 सितंबर को रेव पार्टियों का आयोजन किया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि इन कार्यक्रमों के प्रचार के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और बंद ऑनलाइन ग्रुपों का इस्तेमाल किया जा रहा था।पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट समेत अन्य डिजिटल सामग्री को कब्जे में लिया है। इन साक्ष्यों की जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार डीआईजी नॉर्थ जोन सौम्या सांबशिवन की अगुवाई में कार्रवाई की गई। इसमें एएसपी कांगड़ा संजीव चौहान, डीएसपी नॉर्दर्न रेंज अनिल ठाकुर और मैक्लोडगंज थाना प्रभारी संजय कुमार समेत करीब 50 पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर कथित रेव पार्टी को रोक दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे की खरीद-फरोख्त, सप्लाई, वितरण और सेवन के साथ ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले लोगों व प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में पुलिस बरामद नशीले पदार्थों, डिजिटल साक्ष्यों और हॉस्टल में मौजूद लोगों की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
