एआरबी टाइम्स ब्यूरो, दिल्ली
अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एनएचपीसी भूपेन्द्र गुप्ता की अध्यक्षता में संचालित नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय), फरीदाबाद को राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ’ राजभाषा शील्ड एवं प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान हिन्दी दिवस 2026 एवं छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के अवसर पर मुंबई, महाराष्ट्र में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। समारोह की अध्यक्षता माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने की।

अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एनएचपीसी व अध्यक्ष, नराकास (का.), फ़रीदाबाद भूपेन्द्र गुप्ता ने कहा कि “राजभाषा का सम्मान तभी सार्थक है, जब हिन्दी हमारे विचारों के साथ-साथ हमारे दैनिक कार्यों में भी दिखाई दे। हिन्दी में काम करना हमारी कार्यक्षमता के साथ-साथ हमारी राष्ट्रीय प्रतिबद्धता को भी अभिव्यक्त करता है।” उन्होंने इस उपलब्धि के लिए नराकास (का.), फरीदाबाद से जुड़े सभी सदस्य कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
नराकास (का.), फरीदाबाद की ओर से यह सम्मान नवीन कुमार जैन, कार्यपालक निदेशक (मा.सं.), एनएचपीसी तथा संजीव कुमार, महाप्रबंधक (राजभाषा) एवं सदस्य सचिव, नराकास (का.), फरीदाबाद ने राजभाषा सचिव, गृह मंत्रालय, भारत सरकार अंशुली आर्या से ग्रहण किया। उल्लेखनीय है कि नराकास (का.), फरीदाबाद का संचालन वर्ष 2009 से एनएचपीसी लिमिटेड की अध्यक्षता में किया जा रहा है। वर्तमान में समिति के अंतर्गत 54 सदस्य कार्यालय हैं, जिनमें राजभाषा नीति के प्रभावी कार्यान्वयन तथा हिंदी के प्रचार-प्रसार से संबंधित दायित्वों का समन्वित रूप से निर्वहन किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त, समारोह के दौरान एनएचपीसी सलाल पावर स्टेशन की अध्यक्षता में संचालित नराकास रियासी को “उत्कृष्ट नराकास” तथा एनएचपीसी सुबनसिरी लोअर जलविद्युत परियोजना की अध्यक्षता में संचालित नराकास धेमाजी को “प्रशंसनीय नराकास” श्रेणी में सम्मानित किया गया।
