एआरबी टाइम्स ब्यूरो, चंडीगढ़
एनएचपीसी लिमिटेड के क्षेत्रीय कार्यालय, सेक्टर-31 ए, चंडीगढ़ में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना के साथ विश्वकर्मा दिवस श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक आदित्य गौतम सहित कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सपरिवार भाग लिया।
इस अवसर पर भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना और हवन किया गया। उपस्थित लोगों ने भगवान विश्वकर्मा से एनएचपीसी परिवार की सुख-समृद्धि, उन्नति एवं निरंतर प्रगति की कामना की। साथ ही, राष्ट्र निर्माण में एनएचपीसी के योगदान को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रार्थना की गई। कार्यक्रम के उपरांत दोपहर 1 बजे से लंगर का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्रीय कार्यालय के कार्मिकों के साथ-साथ आसपास स्थित कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी एवं उनके परिवारजनों ने भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया।
विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने एनएचपीसी परिवार में धार्मिक आस्था, आपसी एकता और पारस्परिक सौहार्द की भावना को और मजबूत किया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने भगवान विश्वकर्मा से एनएचपीसी की निरंतर प्रगति तथा देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
