एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रोहड़ू
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चिड़गांव क्षेत्र में जनगणना ड्यूटी से लौट रहे एक शिक्षक की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा वीरवार को पुलिस थाना चिड़गांव के अंतर्गत धामवाड़ी के पास हुआ। यहां एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। दुर्घटना में वाहन चालक शिक्षक बलवंत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, दीवान चंद निवासी गांव गजीयानी, डाकघर सिंदासली, तहसील चिड़गांव ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि वाहन संख्या एचपी 10बी-5690 धामवाड़ी के पास सड़क से नीचे गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि वाहन को बलवंत सिंह निवासी गांव गोक्सवाड़ी, तहसील चिड़गांव चला रहे थे। वह पेशे से शिक्षक थे और जनगणना ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने घर गोक्सवाड़ी लौट रहे थे। इसी दौरान धामवाड़ी के पास वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए हैं और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना के संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
