एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर एचपीएस की ओर से 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान-2026 चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बुधवार को तलाई एवं बद्राश में राष्ट्रीय राजमार्ग-05 के किनारे संचालित स्थानीय स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए ‘स्वच्छ फूड स्ट्रीट’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन रामपुर एचपीएस के परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान स्थानीय स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें स्वच्छता किट एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाने के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल के लिए कैंपर भी प्रदान किए गए।
इसके अलावा गीले और सूखे कचरे के उचित पृथक्करण एवं प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए अलग-अलग डस्टबिन उपलब्ध करवाए गए। कार्यक्रम के माध्यम से स्ट्रीट फूड विक्रेताओं और आमजन को स्वच्छता, स्वच्छ खाद्य पदार्थों, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया। रामपुर एचपीएस की ओर से बताया गया कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर स्वच्छ एवं स्वस्थ खाद्य वातावरण को बढ़ावा देना तथा कचरे के उचित निस्तारण के प्रति लोगों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने स्थानीय स्ट्रीट फूड विक्रेताओं और आमजन से गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त रखने का भी आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने के लिए सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी आवश्यक है। सभी के सहयोग से ही स्वच्छता के क्षेत्र में स्थायी और प्रभावी बदलाव लाया जा सकता है।
