एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नाचन विधानसभा क्षेत्र के गोहर में आयोजित सात दिवसीय जिला स्तरीय नलवाड़ मेला ख्योड़ के समापन समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने शोभायात्रा में भी भाग लिया। गोहर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले और मंदिर प्रदेश की संस्कृति, सभ्यता और धरोहर का अभिन्न हिस्सा हैं। इनका संबंध किसी एक राजनीतिक दल से नहीं है। इसलिए मेलों और मंदिरों से जुड़े आयोजनों को दलगत राजनीति से ऊपर रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि निमंत्रण मिलने के बाद ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होना उनका दायित्व है। मंदिरों और मेलों में राजनीति नहीं होनी चाहिए। सभी को समाज और संस्कृति से जुड़े आयोजनों की गरिमा बनाए रखने के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि गोहर में बस अड्डे का निर्माण निश्चित रूप से किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को बस अड्डे के लिए भूमि का चयन शीघ्र अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों की मांग पर गोहर से एम्स बिलासपुर और पीजीआई चंडीगढ़ के लिए बस सेवा शुरू करने की घोषणा भी की।
उन्होंने नाचन विधानसभा क्षेत्र में पानी के कनेक्शन, टैंकों और अन्य कार्यों से संबंधित लंबित प्रार्थना पत्रों के निपटारे के लिए जल शक्ति विभाग को एक करोड़ रुपये उपलब्ध करवाने की घोषणा की। ग्राम पंचायत को विभिन्न विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने तथा बासा कॉलेज में रिक्त पदों को भरने के लिए आवश्यक प्रयास करने की बात भी कही।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति विकास निगम के अध्यक्ष लाल सिंह कौशल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों और डीएवी स्कूल बासा के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय संस्थान ने नशामुक्ति पर वक्तव्य दिया।
