एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
लोगों को लंबे समय से चले आ रहे विवादों से राहत दिलाने और लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कुल्लू में ‘मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0’ अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत जिला एवं तालुका न्यायालयों में लंबित मामलों को मध्यस्थता के माध्यम से कम खर्च और कम समय में निपटाने को बढ़ावा दिया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुल्लू के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल तिवारी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को विवादों के वैकल्पिक समाधान के लिए मध्यस्थता अपनाने के प्रति जागरूक करना है। इसके माध्यम से ऐसे मामलों का शीघ्र समाधान करने का प्रयास किया जाएगा, जिनमें दोनों पक्ष आपसी सहमति से विवाद का निपटारा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत पारिवारिक एवं संपत्ति विवाद, मोटर वाहन दुर्घटना से संबंधित मामले, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, वाणिज्यिक विवाद, सेवा संबंधी मामले, समझौता योग्य आपराधिक मामले, उपभोक्ता विवाद और ऋण वसूली से जुड़े मामले शामिल हैं। इसके अलावा विभाजन एवं बेदखली के मुकदमों, भूमि अधिग्रहण तथा अन्य उपयुक्त नागरिक मामलों को भी मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।
विशाल तिवारी ने बताया कि मध्यस्थता की प्रक्रिया गोपनीय, त्वरित और अपेक्षाकृत कम खर्चीली होती है। इसमें दोनों पक्ष प्रशिक्षित मध्यस्थ की सहायता से आपसी सहमति के आधार पर विवाद का समाधान कर सकते हैं। इससे न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम करने के साथ ही पक्षकारों को लंबे समय तक चलने वाली न्यायिक प्रक्रिया से भी राहत मिल सकती है।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे अपने लंबित विवादों के शीघ्र एवं आपसी सहमति से समाधान के लिए मध्यस्थता का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि सभी लंबित मामलों के समाधान तक अभियान जारी रहेगा।
