एआरबी टाइम्स ब्यूरो, धर्मशाला | हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला में दो वर्षीय डिप्लोमा इन एलिमेंटरी एजुकेशन (डीएलएड) की खाली पड़ी 739 सीटों को भरने के लिए तीसरे चरण की काउंसलिंग 28 सितंबर को आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने काउंसलिंग में शामिल होने वाले शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है।
शिक्षा बोर्ड ने अभ्यर्थियों से काउंसलिंग में पहुंचने से पहले बोर्ड की वेबसाइट पर जारी सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने का आग्रह किया है। काउंसलिंग में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को वेबसाइट से बायोडाटा फार्म डाउनलोड कर उसे भरकर साथ लाना होगा।इसके अलावा अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाणपत्र और आरक्षित श्रेणी से संबंधित दस्तावेजों की मूल प्रतियां साथ लानी होंगी। इनके साथ सत्यापित छायाप्रतियां भी प्रस्तुत करना अनिवार्य रहेगा।
👉 यह भी पढ़ें :HPU Shimla : स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं अक्तूबर में, 30 सितंबर तक भरें परीक्षा फार्म
ईडब्ल्यूएस, ओबीसी और पूर्व सैनिकों के आश्रित वर्ग से संबंधित अभ्यर्थियों को सक्षम अधिकारी की ओर से निर्धारित प्रारूप में जारी प्रमाणपत्र या शपथपत्र प्रस्तुत करना होगा। काउंसलिंग के दौरान दस्तावेजों में किसी तरह की कमी पाए जाने पर अभ्यर्थी की पात्रता प्रभावित हो सकती है। इसलिए बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखने की सलाह दी है।
पसंद का संस्थान चुनने का मिलेगा एक मौका
डीएलएड काउंसलिंग में सीट आवंटन को लेकर बोर्ड ने नियम निर्धारित किए हैं। अभ्यर्थी को उपलब्ध सीटों में से अपनी पसंद का संस्थान चुनने का अवसर केवल एक बार मिलेगा। ऐसे में बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे काउंसलिंग स्थल पर पहुंचने से पहले उपलब्ध सीटों और अपनी पसंद के संस्थानों की जानकारी अच्छी तरह जुटा लें। इससे सीट चयन के समय किसी तरह की परेशानी से बचा जा सकेगा। बोर्ड ने शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों से काउंसलिंग के दिन सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने को कहा है।
