एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
बुशहर बी.एड. संस्थान नोगली कलना में शनिवार को कौशल विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्प्रिंग लीडरशिप रामपुर के तत्वावधान में किया गया। संस्था मिनिस्ट्री ऑफ कोऑपरेटिव अफेयर्स से संबद्ध तथा आईएसओ प्रमाणित है।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं को अकादमिक स्किल और इंडस्ट्री स्किल के बीच के अंतर को समझाना तथा रोजगार के लिए आवश्यक कौशल के प्रति जागरूक करना रहा। प्रशिक्षण सत्र में विद्यार्थियों को उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने और विभिन्न व्यावहारिक कौशल विकसित करने की जानकारी दी गई।
इस दौरान प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं को ‘भविष्य ज्योति स्कॉलरशिप’ के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि छात्रवृत्ति परीक्षा 4 अक्तूबर को डीएवी पब्लिक स्कूल रामपुर में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों का 12वीं कक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। चयन प्रक्रिया के तहत एप्टीट्यूड टेस्ट लिया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों की गुणात्मक क्षमता, लॉजिकल रीजनिंग, एनालिटिकल एबिलिटी, वर्बल एबिलिटी, प्रॉब्लम सॉल्विंग स्किल, टेक्नोलॉजिकल स्किल और टीम रीडिंग स्किल का आकलन किया जाएगा। छात्रवृत्ति के लिए चयनित विद्यार्थियों को प्रशंसात्मक पत्र और एक्सीलेंस अचीवमेंट सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही इंडस्ट्री जॉब रेडी कोर्स के लिए 20 हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम का संचालन प्रबंध निदेशक प्रकाश और उनकी टीम ने किया। प्रशिक्षण सत्र के समापन पर संस्थान के प्राचार्य डॉ. तिलक राज भारद्वाज ने प्रबंध निदेशक एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।
संस्थान के अध्यक्ष पवन आनंद, कोषाध्यक्ष हितेंद्र गुप्ता और सचिव ई. राजीव शर्मा ने अपने बधाई संदेश में सभी प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक वर्ग को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और रोजगारपरक कौशल को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस तरह के प्रशिक्षण सत्र समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र नेगी, प्रो. वर्षा ठाकुर, राकेश ठाकुर, नवनीत चौहान, तपस्या शर्मा, किरण बाला, नरेंद्र ठाकुर और हेमलता बिष्ट सहित अन्य उपस्थित रहे।
