एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर में विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, पर्यटन, सामाजिक समानता, शिक्षकों की गैर-शैक्षणिक ड्यूटी, नशे और विद्यालयों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल किए और मांगें रखीं।
संवाद के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रचोली की एक छात्रा ने स्कूल भवन निर्माण की मांग उठाई। छात्रा ने बताया कि विद्यालय वर्तमान में दो स्थानों पर संचालित हो रहा है और एक स्थान पर भवन निर्माण के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने मांग को स्वीकार करते हुए स्कूल भवन निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के लिए अतिरिक्त राशि की आवश्यकता होने पर सरकार वह भी उपलब्ध करवाएगी।
विद्यार्थियों ने समाज में बढ़ती अमीर-गरीब की खाई का मुद्दा भी उठाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में समानता जरूरी है और सरकार इस दिशा में प्रयास कर रही है। राजनीति को देशसेवा का माध्यम चुनने के सवाल पर उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपनी रुचि के क्षेत्र में कार्य करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। पसंदीदा भोजन पूछे जाने पर उन्होंने हिमाचली व्यंजन सिड्डू का उल्लेख किया।
रामपुर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की मांग
विद्यार्थियों ने रामपुर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की मांग भी रखी। शिक्षकों की गैर-शैक्षणिक ड्यूटी का मुद्दा उठाते हुए विद्यार्थियों ने कहा कि इससे पढ़ाई प्रभावित होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गैर-शैक्षणिक कार्यों को कम करने की दिशा में प्रयास कर रही है। एक छात्रा ने स्कूल में हिंदी के केवल एक शिक्षक होने की समस्या बताई। करीब 150 विद्यार्थियों वाले स्कूल में अतिरिक्त हिंदी शिक्षक की आवश्यकता पर मुख्यमंत्री ने आवश्यकतानुसार शिक्षक उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
एक छात्रा ने अयोध्या एक्सपोजर विजिट का अनुभव साझा करते हुए पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों के बारे में पूछा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा दे रही है और पर्यटन अधोसंरचना को मजबूत करने पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल का कम इस्तेमाल करने तथा पढ़ाई के साथ खेल और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने की सलाह दी।
‘एंटी चिट्टा’ रैली को दिखाई हरी झंडी
संवाद के बाद मुख्यमंत्री ने स्कूल परिसर से ‘एंटी चिट्टा’ रैली को हरी झंडी दिखाई और स्वयं भी रैली में शामिल हुए। विद्यार्थियों ने नशा विरोधी संदेशों वाली तख्तियां लेकर बाजार तक रैली निकाली। समापन पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई।
इस अवसर पर महाधिवक्ता अनूप रत्न, हिमकोन अध्यक्ष विकेश चौहान, मिल्कफेड अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, बोर्ड अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, राज्य सहकारी बैंक अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
