चंबा | हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में चंबा-संघणी मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शल्यूंड नाले के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 33 वर्षीय अध्यापिका पुनीता देवी की मौत हो गई, जबकि उनके पति, छह वर्षीय बेटी, तीन वर्षीय बेटा और परिवार की एक अन्य महिला घायल हो गई। गंभीर रूप से घायल बेटे को मेडिकल कॉलेज चंबा से टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुनीता देवी बणी गांव, पंचायत सलूणी की निवासी थीं और टिकरू स्कूल में अध्यापिका के पद पर कार्यरत थीं। उनके पति हरिंद्र कुमार (38) सलूणी कॉलेज में क्लर्क हैं। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह परिवार कार में सवार होकर अपने गांव बणी से सलूणी की ओर जा रहा था। इसी दौरान शल्यूंड नाले के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल सलूणी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने पुनीता देवी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनके पति हरिंद्र कुमार, छह वर्षीय बेटी शानवी, तीन वर्षीय बेटे समर्थ और हरिंद्र कुमार की भाभी रेखा (56), पत्नी दौलत राम, घायल हो गईं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया।
गंभीर हालत में बेटे को टांडा किया रेफर
मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार के दौरान तीन वर्षीय समर्थ की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके बाद रविवार दोपहर उसे बेहतर उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। डीएसपी रंजन शर्मा ने बताया कि एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
