एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने शिक्षा विभाग के सहयोग से शुक्रवार को रामपुर में “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत नशा उन्मूलन एवं अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध जागरूकता रैली का आयोजन किया। इस वर्ष अभियान की थीम “नशा मुक्त भारत अभियान, विकसित भारत की पहचान” रखी गई है, जिसके माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
तहसील कल्याण अधिकारी रामपुर मोहन केदारटा ने बताया कि रैली में पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बालिका) रामपुर के लगभग 300 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली को पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रधानाचार्य राजेश परमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली पुराना बस स्टैंड सहित रामपुर नगर के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी। इस दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नशे के खिलाफ प्रभावशाली संदेश दिए तथा लोगों को जागरूक किया।
मोहन केदारटा ने कहा कि नशा आज समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है, जिसका सबसे अधिक प्रभाव युवा वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सही दिशा देना समय की आवश्यकता है। नशा मुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है जब समाज का प्रत्येक वर्ग इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाए।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध समाज को सतर्क रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना संबंधित विभागों को देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग और संबंधित संस्थानों ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। आयोजन के माध्यम से युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवन मूल्यों को अपनाने तथा अपने परिवार और समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश फैलाने का आग्रह किया।
