एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला | हिमाचल प्रदेश विधानसभा के सत्र को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 174(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा के तेरहवें सत्र के आयोजन को मंजूरी दे दी है। विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, यह सत्र 16 नवंबर से 21 नवंबर, 2026 तक धर्मशाला के तपोवन स्थित विधानसभा परिसर में आयोजित किया जाएगा।
छह दिवसीय अस्थायी कार्यसूची
विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी 6 दिवसीय अस्थायी कार्यसूची के अनुसार, सत्र की रूपरेखा इस प्रकार रहेगी।

16 नवंबर, सोमवार (दोपहर 2 बजे): शोक उद्गार (यदि कोई हो) और इसके बाद शासकीय व विधायी कार्य।
17 नवंबर, मंगलवार: शासकीय और विधायी कार्य।
18 नवंबर, बुधवार: शासकीय और विधायी कार्य।
19 नवंबर, गुरुवार: शासकीय/विधायी कार्य और विशेष रूप से गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस।
20 नवंबर, शुक्रवार: शासकीय और विधायी कार्य।
21 नवंबर, शनिवार: शासकीय और विधायी कार्य।
विभागों और अधिकारियों को भेजी गई सूचना
विधानसभा सचिवालय ने सत्र से जुड़ी अधिसूचना की आधिकारिक प्रतियां सभी माननीय विधानसभा सदस्यों, हिमाचल प्रदेश के लोकसभा व राज्यसभा सांसदों, मुख्य सचिव, भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय, निर्वाचन आयोग तथा अन्य संबंधित विभागों के प्रमुखों को भेज दी हैं। इसके अलावा, राज्यपाल सचिवालय, मुख्यमंत्री कार्यालय, सभी मंत्रियों और विभागाध्यक्षों को भी इसकी सूचना प्रेषित कर दी गई है। फिलहाल जारी की गई अस्थायी कार्यसूची में प्रत्येक दिन के लिए निर्धारित कार्यों की सामान्य श्रेणियों का उल्लेख किया गया है, जबकि सदन में किस दिन कौन-सा विशिष्ट और महत्वपूर्ण विषय उठाया जाएगा, इसकी विस्तृत रूपरेखा आगामी दिनों में तय होगी।
