एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। संजौली और रामपुर के बीच 21 अक्टूबर से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने जा रही है। इस सेवा के तहत रामपुर से रिकांगपिओ तक भी हवाई यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी। प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
हेलीकॉप्टर सेवा सप्ताह में तीन दिन सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को संचालित होगी। निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार हेलीकॉप्टर सुबह 9:55 बजे संजौली से उड़ान भरकर 10:30 बजे रामपुर पहुंचेगा। इसके बाद सुबह 10:50 बजे रामपुर से रिकांगपिओ के लिए उड़ान भरेगा और 11:25 बजे वहां पहुंचेगा।
वापसी में हेलीकॉप्टर सुबह 11:30 बजे रिकांगपिओ से उड़ान भरकर दोपहर 12:05 बजे रामपुर पहुंचेगा। इसके बाद दोपहर 12:10 बजे रामपुर से संजौली के लिए रवाना होगा और 12:45 बजे संजौली पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद शुरू हो रही सेवा
प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों से बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की आवागमन संबंधी समस्याओं और बेहतर परिवहन सुविधा की आवश्यकता को महसूस किया था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने संजौली और रामपुर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद पवन हंस लिमिटेड (पीएचएल) ने क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस)-उड़ान के तहत शिमला-रामपुर मार्ग पर हेलीकॉप्टर संचालन शुरू करने की पहल की है।
दूरदराज के लोगों को मिलेगी राहत
इस सेवा के शुरू होने से रामपुर क्षेत्र के लोगों को शिमला आने-जाने के लिए एक वैकल्पिक परिवहन सुविधा मिलेगी। विशेषकर उन लोगों को लाभ होने की उम्मीद है, जिन्हें सड़क मार्ग से लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इसके साथ ही रामपुर और रिकांगपिओ के बीच हवाई संपर्क बेहतर होने से जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को भी सुविधा मिलेगी।
प्रवक्ता के अनुसार, क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस)-उड़ान 5.0 के तहत शिमला, रामपुर, रिकांगपिओ, कुल्लू, मनाली, मंडी और चंडीगढ़ को जोड़ने वाले हवाई मार्ग हेरिटेज एविएशन और पवन हंस लिमिटेड को आवंटित किए गए हैं।
चंडीगढ़ और शिमला के बीच सातों दिन हवाई संपर्क
हेरिटेज एविएशन की ओर से शिमला-रिकांगपिओ, शिमला-कुल्लू-शिमला और चंडीगढ़-मंडी वाया कुल्लू मार्गों पर आरसीएस के तहत उड़ानों का संचालन किया जा रहा है। वहीं, पवन हंस लिमिटेड आरसीएस के अंतर्गत शिमला (संजौली) और चंडीगढ़ के बीच सप्ताह में तीन दिन हेलीकॉप्टर सेवा संचालित करता है।
इसके अतिरिक्त, राज्य क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत सप्ताह में एक दिन अतिरिक्त उड़ान भी संचालित की जाती है। इस उड़ान के लिए प्रदेश सरकार 100 प्रतिशत वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) वहन करती है, जिस पर सालाना लगभग 35.70 लाख रुपये खर्च होते हैं। इन व्यवस्थाओं के माध्यम से चंडीगढ़ और शिमला के बीच सप्ताह के सातों दिन हवाई संपर्क सुनिश्चित किया जा रहा है।
