एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
पंचायत प्रधान परिषद विकास खंड रामपुर बुशहर ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने का निर्णय लिया है। शनिवार को पंचायत समिति हॉल रामपुर में परिषद अध्यक्ष कृष्ण गोपाल की अध्यक्षता में आयोजित मासिक बैठक में रामपुर को जिला बनाने, पंचायत स्तर पर ग्रेडिंग एवं पैकिंग हाउस स्थापित करने और वीबी-जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन सहित कई विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में रामपुर बुशहर को जिला बनाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। पंचायत प्रधानों ने कहा कि रामपुर का भौगोलिक क्षेत्र काफी विस्तृत है और कई पंचायतें दुर्गम क्षेत्रों में स्थित हैं। ऐसे में लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए जिला मुख्यालय शिमला पहुंचने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। परिषद ने इस मांग को प्रदेश सरकार के समक्ष सामूहिक रूप से उठाने और मुख्यमंत्री को संयुक्त मांगपत्र भेजने का निर्णय लिया।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए विकास खंड की प्रत्येक पंचायत में ग्रेडिंग एवं पैकिंग हाउस स्थापित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। प्रधानों का कहना था कि इससे किसानों और बागवानों को अपने उत्पादों की छंटाई, पैकेजिंग और विपणन की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिलेगी। साथ ही पंचायतों की आय के साधन भी विकसित होंगे।
बैठक में वीबी-जी राम जी योजना के तहत पार्ट टाइम, मिड-डे मील, आंगनबाड़ी और आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमानुसार रोजगार उपलब्ध करवाने की संभावनाओं पर संबंधित विभागों से दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
परिषद सचिव अश्वनी शर्मा ने संगठन के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि पंचायतों की समस्याओं के समाधान के लिए सभी प्रधानों को साझा मंच उपलब्ध करवाना परिषद का मुख्य उद्देश्य है। बैठक में मासिक बैठकों को नियमित जारी रखने और पंचायतों की वित्तीय एवं प्रशासनिक समस्याओं पर सामूहिक कार्ययोजना बनाने का निर्णय भी लिया गया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष राजकांता शर्मा, समन्वयक होशियार मेहता, मुख्य सलाहकार जय सिंह एवं पदमा कोंग सहित दीप कुमार, केशव राम, फूला सिंह, संगीता, रचना भंडारी, बीना मेहता, गोपु राम तथा विभिन्न पंचायतों के प्रधान उपस्थित रहे।
