शिमला | हिमाचल प्रदेश ने रोबोटिक सर्जरी के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश में पिछले 15 महीनों के दौरान 1,100 से अधिक रोबोटिक सर्जरी की जा चुकी हैं। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने प्रदेश में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री रविवार को यहां रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चिकित्सकों ने आधुनिक तकनीक को तेजी से अपनाते हुए बेहतर परिणाम दिए हैं। रोबोटिक तकनीक की मदद से कोलन सर्जरी, प्रोस्टेट कैंसर के ऑपरेशन और किडनी ट्रांसप्लांट जैसी जटिल सर्जरी भी सफलतापूर्वक की गई हैं। उन्होंने युवा चिकित्सकों को भी इस तकनीक में दक्ष बनाने के लिए प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।
चार मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध है सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के चार चिकित्सा संस्थानों में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा एम्स दिल्ली की तुलना में काफी कम दरों पर उपलब्ध करवाई जा रही है। इनमें अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी चमियाणा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक और इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय शिमला शामिल हैं। रोबोटिक सर्जरी से मरीजों के अस्पताल में रहने की अवधि ओपन सर्जरी के मुकाबले 50 से 75 प्रतिशत तक कम हो रही है। इस तकनीक में चीरा छोटा लगाया जाता है और रक्तस्राव भी कम होता है। इससे मरीजों को जल्दी स्वस्थ होने में मदद मिलती है।
41 सर्जन और 34 केयर टीम सदस्य प्रशिक्षित
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश के मरीजों को उन्नत सर्जरी के लिए दूसरे राज्यों का रुख करने की आवश्यकता नहीं है। सरकार इस सुविधा का विस्तार अन्य चिकित्सा महाविद्यालयों में भी करने पर विचार कर रही है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को घर के नजदीक आधुनिक उपचार मिल सके। उन्होंने बताया कि अब तक 41 सर्जन और 34 केयर टीम सदस्यों को रोबोटिक सर्जरी से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा चुका है। केयर टीम में नर्सें, ऑपरेशन थिएटर सहायक और अन्य सहयोगी कर्मचारी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने चिकित्सा महाविद्यालयों से लंबित ऑपरेशनों की रिपोर्ट भी मांगी।
बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी मंडी के कुलपति डॉ. डीके वर्मा, सचिव स्वास्थ्य आशीष सिंहमार और निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. गोपाल बेरी उपस्थित रहे। चिकित्सा महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
