एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
नगर परिषद रामपुर की मासिक बैठक बैठक की नगर परिषद अध्यक्ष करण शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जबकि कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में शहर की सीवरेज व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन, हाउस टैक्स, लवी मेला और विभिन्न वार्डों में चल रहे विकास कार्यों समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में सीवरेज व्यवस्था को सुचारू बनाने पर विशेष चर्चा हुई। सीवरेज कनेक्शन लेने और व्यवस्था में सहयोग नहीं करने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने पर विचार किया गया। बैठक में कहा गया कि सीवरेज व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए उपभोक्ताओं का सहयोग जरूरी है। सहयोग नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली और पानी के कनेक्शन काटने की कार्रवाई किए जाने की बात भी बैठक में सामने आई।
गीले और सूखे कूड़े को अलग रखने के लिए जागरूकता अभियान
नगर परिषद ने शहर में गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग एकत्र करने पर भी जोर दिया। इसके लिए पार्षद अपने-अपने वार्डों में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। मकान मालिकों से भी किरायेदारों को निर्धारित व्यवस्था के तहत कूड़ा देने के लिए जागरूक करने का आग्रह किया गया।
वार्ड 5 और 9 की समस्याएं भी उठीं
बैठक में वार्ड नंबर पांच और नौ से संबंधित लोगों ने बैठक में पहुंचकर समस्याओं से अवगत करवाया और उनके समाधान की मांग की। स्थानीय लोगों की ओर से लाल पत्थर क्षेत्र में फिसलन की समस्या और नाले में किए जा रहे अतिक्रमण का मामला उठाया गया। लोगों ने नगर परिषद से इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
हाउस टैक्स और विकास कार्यों की समीक्षा
बैठक में हाउस टैक्स से संबंधित मुद्दे पर भी चर्चा हुई। पार्षदों ने कहा कि शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर परिषद की राजस्व व्यवस्था को मजबूत करना आवश्यक है। इसके अलावा प्रत्येक वार्ड में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की गई। पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की प्राथमिकताएं सामने रखते हुए जरूरी विकास कार्यों को जल्द पूरा करने पर जोर दिया। नगर परिषद की ओर से लोगों की समस्याओं के समाधान और शहर के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया।
बैठक में उपाध्यक्ष रोहित नेगी, पार्षद दीपना, जयश्री गोयल, नितिका गुप्ता, उमा देवी, सुंदर लाल, कांता देवी, विशेषर लाल तथा कनिष्ठ अभियंता राजेश शर्मा उपस्थित रहे।
