एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
जिला कुल्लू के बिहाली के स्थानीय मुद्दों और विभिन्न मांगों को लेकर एसडीएम बंजार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह मियां, ग्राम पंचायत रैला एवं रैला-द्वितीय के प्रतिनिधियों सहित एनएचपीसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की ओर से उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा हुई। एनएचपीसी प्रबंधन ने स्थानीय समुदाय की चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए आपसी सहयोग और सौहार्द की भावना के साथ समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक रुख अपनाया। बैठक के बाद ग्राम पंचायत रैला एवं रैला-द्वितीय के प्रतिनिधियों की ओर से अवरुद्ध सैंज-रैला सड़क को दोबारा खोलने तथा एनएचपीसी के आवश्यक कार्यों में सहयोग का आश्वासन दिया गया था।
एनएचपीसी के अनुसार, इसके बावजूद 29 सितंबर को स्थानीय ग्रामीणों की ओर से कार्यस्थल पर परियोजना संबंधी कार्य दोबारा शुरू करने की अनुमति नहीं दी गई। इसके कारण परियोजना के आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। एनएचपीसी का कहना है कि लगातार मिल रहे असहयोग के चलते शर्तों पर चर्चा के दौरान अपनाए गए अपने उदार रुख पर पुनर्विचार करने की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
एनएचपीसी प्रबंधन ने स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सकारात्मक संवाद और सौहार्दपूर्ण समाधान की दिशा में हुई चर्चा के बावजूद कार्य बहाली में सहयोग नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रबंधन ने कहा कि एनएचपीसी स्थानीय समुदाय की चिंताओं और हितों का सम्मान करती है तथा सभी विषयों का समाधान आपसी संवाद, समन्वय और सौहार्दपूर्ण वातावरण में करने के लिए प्रतिबद्ध है।
एनएचपीसी ने राज्य प्रशासन, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय से पुनः सहयोग की अपील की है। प्रबंधन ने कहा कि एनएचपीसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक कार्य सुचारु रूप से दोबारा शुरू करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि परियोजना से जुड़े कार्य आगे बढ़ाए जा सकें।
