एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
उपमंडल रामपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, युवाओं को नशे से दूर रखने और गांवों में खेल एवं पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने के उद्देश्य से नारायण स्पोर्ट्स फेस्टिवल 2026 का आयोजन किया जा रहा है। चार दिवसीय खेल महोत्सव का आयोजन 10 से 13 अक्टूबर तक मतरेवल-कुमसु में होगा।
फेस्टिवल के दौरान वॉलीबॉल, ट्रेल रनिंग, रस्साकशी और मैराथन सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें पुरुष और महिला वर्ग के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
रामपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में राजीव, पंकज, दीवान, अंशुल और अतुल ने बताया कि फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना और बच्चों व युवाओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जोड़ना है। आयोजन के माध्यम से गांव स्तर पर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आगे बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
आयोजकों ने कहा कि उनका लक्ष्य गांवों से खिलाड़ियों को तैयार कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना तथा भविष्य में ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रतिभाओं को तैयार करना है।
नशे से दूर रहने और स्वच्छता का संदेश
स्पोर्ट्स फेस्टिवल के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा खेलों के जरिए अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने का संदेश दिया जाएगा। इसके साथ ही स्वच्छ एवं स्वस्थ गांव का संदेश देते हुए स्वच्छता को भी आयोजन का हिस्सा बनाया गया है।
इस वर्ष फेस्टिवल में ट्रेल रनिंग को विशेष रूप से शामिल किया गया है। पहाड़ी क्षेत्र के प्राकृतिक परिवेश और ग्रामीण रास्तों को देखते हुए इसे युवाओं के लिए फिटनेस, साहस और प्रकृति से जुड़ने का माध्यम बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, नारायण स्पोर्ट्स फेस्टिवल के जरिए कुमसु और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं को भी विकसित करने की पहल की जा रही है।
