एआरबी टाइम्स ब्यूरो, ऊना | हिमाचल प्रदेश के डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री ने बेरोजगार युवाओं और विभागीय कर्मचारियों के हित में कई बड़ी घोषणाएं की हैं। ऊना जिले के हरोली (पालकवाह) में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी CM ने ऐलान किया कि चालू वित्तीय वर्ष में जल शक्ति विभाग में लगभग 4000 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। डिप्टी CM ने कहा कि पर्याप्त कार्यबल के बिना किसी भी योजना को धरातल पर सफल नहीं बनाया जा सकता। इसलिए सरकार विभाग को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने पर विशेष बल दे रही है।
हमीरपुर जोन की ओरसे आयोजित जलापूर्ति एवं जल गुणवत्ता निगरानी कार्यशाला में डिप्टी CM ने नवनियुक्त पैरा पंप ऑपरेटरों, पैरा फिटरों, मल्टीपर्पज वर्करों और वाटर गार्डों को विभाग का ‘ध्वजवाहक’ बताया। उन्होंने कर्मियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हिमाचल के हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कर्मचारियों को धैर्य से काम करने की सलाह दी और आश्वस्त किया कि उनका भविष्य सुरक्षित है तथा उन्हें 58 वर्ष तक पेंशन लाभ वाली नौकरी दी जाएगी।
पेयजल सुधार के लिए ₹2000 करोड़ की महा-योजना
डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री ने जानकारी दी कि पूरे प्रदेश में पेयजल की गुणवत्ता सुधारने और जल शुद्धिकरण प्रणालियों को आधुनिक बनाने के लिए ₹2000 करोड़ की व्यापक योजना लागू की जा रही है। इस योजना के तहत राज्य भर में आधुनिक जल शुद्धिकरण प्लांट लगाए जाएंगे, जिससे जलजनित बीमारियों पर रोक लगेगी। कांगड़ा जिले की महत्वाकांक्षी ‘फिना सिंह सिंचाई परियोजना’ को पूरा करने के लिए सरकार ने ₹300 करोड़ की राशि स्वीकृत कर दी है।
नशे में संलिप्त 36 कर्मचारी सेवा से बर्खास्त
उपमुख्य मंत्री ने प्रदेश में नशे के खिलाफ जारी लड़ाई पर कड़ा रुख अपनाते हुए बताया कि विभाग में नशे से जुड़े मामलों में संलिप्त पाए गए 36 कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त (Dismiss) किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि इस विषय पर सरकार किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।
