एआरबी टाइम्स ब्यूरो, ऊना | हिमाचल प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में विजिलेंस ने ऊना जिले में 8 हजार की रिश्वत लेते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) विद्युत विंग का एक जेई गिरफ्तार किया। आरोपी को मंगलवार दोपहर कार्यालय में ही एक ठेकेदार से रिश्वत की पहली किस्त स्वीकार करते समय विजिलेंस ने दबोचा।
मिली जानकारी के मुताबिक, एक स्थानीय ठेकेदार ने विजिलेंस के पास शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका करीब 1.50 लाख रुपये का बिल लंबित पड़ा है। इसे पास कराने के एवज में संबंधित जेई उससे 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था। बातचीत के बाद आरोपी पहली किस्त के रूप में 8 हजार रुपये तुरंत देने का दबाव बना रहा था। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस विभाग ने मामले का सत्यापन कराया और शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की रणनीति बनाई। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे डीएसपी विजिलेंस फिरोज खान के नेतृत्व में टीम ने पीडब्ल्यूडी कार्यालय में जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ठेकेदार ने कार्यालय पहुंचकर जेई को 8 हजार रुपये की राशि थमाई, पास में मौजूद विजिलेंस टीम ने तुरंत दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपी जेई को गिरफ्तार करने के बाद विजिलेंस टीम उसे लेकर उसके आवास पर पहुंची, जहां गहन तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, घर से कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है। विजिलेंस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी आज अदालत में पेश किया जाएगा।
