एआरबी टाइम्स ब्यूरो | ऊना
हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के उपमंडल अंब से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां उस वक्त शादी की खुशियां अचानक मायूसी में बदल गईं, जब हल्दी की रस्म के दौरान दूल्हे की होने वाली दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।
जानकारी के अनुसार, दूल्हे पक्ष के घर में शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। रिश्तेदार, परिजन और गांव के लोग पारंपरिक ‘बटने’ यानी हल्दी की रस्म में शामिल थे। घर में उत्सव जैसा माहौल था और सभी आगामी विवाह समारोह को लेकर उत्साहित थे। इसी दौरान अचानक सूचना मिली कि जिस युवती से विवाह होना था, वह अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई है। यह खबर मिलते ही पूरे घर में अफरातफरी मच गई। शादी की तैयारियां बीच में ही रोकनी पड़ीं और खुशियों का माहौल कुछ ही पलों में सन्नाटे में बदल गया। दूल्हे पक्ष के लोग इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से स्तब्ध रह गए। परिवार को सामाजिक और मानसिक रूप से गहरा आघात पहुंचा है।
पहले से चल रहा था प्रेम संबंध
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवती का पहले से ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी, लेकिन बताया जा रहा है कि दोनों लगातार संपर्क में थे। मौका मिलते ही युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई। घटना के बाद गांव में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। युवती के परिजनों का कहना है कि उन्हें इस संबंध की पहले से कोई जानकारी नहीं थी। बेटी के अचानक घर छोड़ने से वे भी परेशान हैं।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। युवती के परिवार की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर संदेह के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। युवती और उसके साथ गए युवक की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों को ढूंढ लिया जाएगा।
