एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन की ओर से स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत शनिवार को एनएच-05 के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में परियोजना के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेते हुए सड़क किनारे तथा आसपास के क्षेत्रों में सफाई की।
विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार और एसजेवीएन निगम मुख्यालय शिमला के दिशा-निर्देशों के अनुसार नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इसी अभियान की कड़ी में शनिवार को परियोजना के कार्यालय परिसर के समीप एनएच-05 पर सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान का नेतृत्व परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख ई. राजीव कपूर ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों और कर्मचारियों ने सड़क के किनारे और आसपास फैले प्लास्टिक, कागज तथा अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्र किया। साथ ही कचरे को निर्धारित श्रेणियों के अनुसार अलग-अलग करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया, ताकि इसके उचित प्रबंधन और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण को सुनिश्चित किया जा सके।
अभियान के दौरान कर्मचारियों ने स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश भी दिया। परियोजना परिसर के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के लिए नियमित रूप से प्रयास करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. राजीव कपूर ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी विशेष अभियान या पखवाड़े तक सीमित रहने वाली गतिविधि नहीं है। इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या और कार्यशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से स्वच्छता के प्रति निरंतर जागरूक रहने और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और नियमित जागरूकता से ही स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर पर्यावरण का निर्माण किया जा सकता है। स्वच्छता पखवाड़े के दौरान परियोजना की ओर से स्वच्छता एवं जागरूकता से जुड़ी अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।
